उत्तराखंडऋषिकेशमुनि की रेतीश्री कृष्ण जन्माष्टमी

जन्माष्टमी पर ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश’ का संदेश, 450 बच्चों ने लगाई मैराथन दौड़

नव मधुबन आश्रम से शुरू हुई मैराथन, खेल भावना के साथ बच्चों ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश; विजेताओं को 3 सितंबर को मिलेगा नकद पुरस्कार

ऋषिकेश, 1 सितंबर(दिलीप शर्मा): श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में नव मधुबन आश्रम की ओर से मंगलवार को ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश मुनि की रेती-ढालवाला मधुबन कृष्णोत्सव मैराथन’ का भव्य आयोजन किया गया। मैराथन में बालक एवं बालिका वर्ग के करीब 450 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर न केवल अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

 

मैराथन का शुभारंभ नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान, मुनि की रेती-ढालवाला नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, समाजसेवी कमल सिंह राणा, नव मधुबन आश्रम के महासचिव राजीव कालरा, समाजसेवी ज्योति शर्मा, अशोक नेगी सहित ‘ब्लू राइडर साइकिल संगठन’ के सदस्यों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

नव मधुबन आश्रम से शुरू होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी मैराथन

मैराथन नव मधुबन आश्रम से प्रारंभ होकर देहरादून तिराहा, नटराज चौक, आईएसबीटी और 14 बीघा पुल होते हुए पुनः नव मधुबन आश्रम परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में बच्चों में जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। प्रतिभागियों ने अनुशासन एवं खेल भावना के साथ दौड़ पूरी करते हुए लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।

प्रतिभागी बच्चों का किया अभिनंदन, भेंट की श्रीमद्भगवद्गीता

मैराथन के समापन पर नव मधुबन आश्रम के अध्यक्ष परमानंद दास जी महाराज ने प्रतिभागी बच्चों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। उन्होंने बच्चों को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर उन्हें संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया।

महापौर बोले—मैराथन नहीं, सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम

महापौर शम्भू पासवान ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश’ मैराथन में करीब 450 बच्चों की भागीदारी उत्साहजनक है। यह आयोजन महज एक मैराथन नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं के माध्यम से समाज को स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने की प्रभावी पहल है।

उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण का जीवन हमें कर्म, अनुशासन और समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ने के साथ ही सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होती है।

महापौर ने कहा कि गंगा आस्था और पहचान का प्रतीक है तथा इसे स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नव मधुबन आश्रम के आयोजकों को इस सार्थक पहल के लिए बधाई देते हुए मैराथन में शामिल सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विजेताओं को मिलेगा 5100 रुपये तक का नकद पुरस्कार

मैराथन के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में शीर्ष पांच स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी 3 सितंबर को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

  • प्रथम स्थान: ₹5,100
  • द्वितीय स्थान: ₹3,100
  • तृतीय स्थान: ₹2,100
  • चतुर्थ स्थान: ₹1,100
  • पंचम स्थान: ₹1,100

2 से 5 सितंबर तक होंगे विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम

नव मधुबन आश्रम में श्री कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला भी जारी रहेगी। 2 सितंबर को पेंटिंग, क्विज एवं श्लोक पाठ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 3 सितंबर को ग्रुप डांस, ग्रुप सिंगिंग और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं के साथ पुरस्कार वितरण समारोह होगा।

इसके बाद 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का मुख्य महापर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। वहीं 5 सितंबर को पावन नंदोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। जन्मोत्सव की इन गतिविधियों के माध्यम से धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति, संस्कार, खेल प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button