उत्तराखंडटिहरी गढ़वालयातायात

टिहरी में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 264 वाहन चालकों पर कार्यवाही 

यातायात नियम तोड़ने वालों से ₹1.14 लाख संयोजन शुल्क वसूला, 61 चालान कोर्ट भेजे; 5 वाहन सीज

नई टिहरी, 1 सितंबर 2026(दिलीप शर्मा): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी गढ़वाल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनपदभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।

31 अगस्त को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले 264 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई। पुलिस ने इनसे कुल ₹1,14,400 का संयोजन शुल्क वसूल किया।

61 चालान न्यायालय भेजे, पांच वाहन सीज

चेकिंग अभियान के दौरान गंभीर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 61 वाहन चालकों के चालान न्यायालय को प्रेषित किए गए। इनमें पांच सीज किए गए वाहन भी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।

नशे में ड्राइविंग और तेज रफ्तार पर सख्ती के निर्देश

एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार प्रभावी एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा

नशे में वाहन चलाने, तेज गति से वाहन दौड़ाने, लापरवाही से ड्राइविंग करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

टिहरी पुलिस की आमजन से अपील

टिहरी पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और नशे की हालत में वाहन बिल्कुल न चलाएं

पुलिस ने आमजन से स्वयं की सुरक्षा के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की है।

टिहरी पुलिस का संदेश है— सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन।

Related Articles

Back to top button