



अल्मोड़ा, 01 सितंबर(दिलीप शर्मा): अल्मोड़ा जनपद के सोमेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम वडयूडा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक मकान अचानक भरभराकर ढह गया, जिसके मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस एवं फायर सर्विस के साथ मिलकर सघन रेस्क्यू अभियान चलाया।
डीसीआर/आपदा से मकान ढहने और मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना मिलने के बाद पोस्ट सरियापानी से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर पहले सड़क पर मलबा आने के कारण मार्ग अवरुद्ध था। ऐसे में SDRF जवान आवश्यक रेस्क्यू उपकरण लेकर पैदल ही घटनास्थल तक पहुंचे।
स्थानीय लोगों और पुलिस के साथ मिलकर चलाया सर्च अभियान
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद SDRF टीम ने स्थानीय ग्रामीणों, फायर सर्विस और जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। इसके बाद मकान के मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने मलबे से तीन लोगों के शव बरामद किए।
मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (42), पत्नी राजेन्द्र राम, कल्पना आर्या (19), पुत्री राजेन्द्र राम और मनीष कुमार (18), पुत्र राजेन्द्र राम के रूप में हुई।
बाहर के कमरे में सो रहे गुलाब राम सुरक्षित बचे
हादसे के दौरान परिवार का एक अन्य सदस्य गुलाब राम मकान के बाहर स्थित कमरे में सो रहा था। मकान ढहने के दौरान वह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे उनकी जान बच गई।
SDRF टीम ने मलबे से बरामद तीनों शवों को आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।





