



देहरादून, 1 सितंबर(दिलीप शर्मा): प्रेमनगर थाना क्षेत्र के लोअर कंडोली स्थित पौंधा रोड पर कंडोली पुल के पास देर रात तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। हादसे के बाद वाहन में सवार तीन लोगों की तलाश में SDRF ने पूरी रात सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक युवती को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि एक युवक और दूसरी युवती के शव बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, क्रेटा वाहन संख्या RJ 13 CE 5641 के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिलने पर SDRF डाकपत्थर की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचते ही SDRF जवानों ने प्रतिकूल मौसम और तेज बहाव के बीच सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
बताया गया कि वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थे। SDRF टीम ने रात के अंधेरे और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद आसपास के क्षेत्र में व्यापक सर्चिंग की। लगातार प्रयास के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में बरामद किया गया। टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
वहीं, सर्चिंग के दौरान वाहन में सवार अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान तथा एक अन्य युवती का शव भी बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
तेज बरसाती बहाव के कारण घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना रहा। इसके बावजूद SDRF जवानों ने पूरी रात लगातार अभियान चलाते हुए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग की। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





