उत्तराखंडदेहरादूनसमीक्षा बैठक

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की समीक्षा

एक सप्ताह में फार्म-6, 7 और 8 के निस्तारण के निर्देश, 23 लाख मतदाताओं की हो चुकी सुनवाई

देहरादून, 31 अगस्त(दिलीप शर्मा): मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 से संबंधित सभी मामलों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से की जाए, ताकि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही अपात्र प्रविष्टियों एवं आवश्यक संशोधनों की प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरी हो सके।

24.30 लाख मतदाताओं को जारी किए गए थे नोटिस

समीक्षा बैठक में बताया गया कि प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71 लाख 33 हजार मतदाताओं के सापेक्ष अनमैप्ड एवं विभिन्न विसंगतियों से संबंधित मामलों में कुल 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से अब तक करीब 23 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि करीब 1 लाख 10 हजार मतदाता ऐसे हैं, जो किसी कारणवश निर्धारित सुनवाई में उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे मतदाताओं को दोबारा सुनवाई का अवसर उपलब्ध कराया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए और निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो।

दावे-आपत्तियों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि दावे एवं आपत्तियों से संबंधित मामलों की सुनवाई समयबद्ध, निष्पक्ष और निर्धारित नियमों के अनुसार की जाए। उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान सभी जनपदों के जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में अब तक की गई कार्रवाई, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा शेष मामलों की सुनवाई को लेकर जिलेवार विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

फार्म-6, 7 और 8 के निस्तारण की भी समीक्षा

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 के निस्तारण की प्रगति की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदन एवं आपत्तियों का परीक्षण निर्धारित प्रक्रिया के तहत करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण में नियमों का पालन करते हुए पात्र मतदाताओं के हितों का विशेष ध्यान रखना होगा।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button