



ऋषिकेश, 31 अगस्त(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा से महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। सोमवार को सीओ तुषार बोरा ने विधायक डॉ. अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था तथा आमजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ ही ऋषिकेश पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
एम्स के बाहर बेतरतीब पार्किंग पर सख्ती की मांग
विधायक ने विशेष रूप से एम्स ऋषिकेश के बाहर सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों की समस्या को गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग के कारण कई बार यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
डॉ. अग्रवाल ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से एम्स के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि एम्स में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके तीमारदार पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल के आसपास यातायात व्यवस्था का सुचारु और व्यवस्थित रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने पुलिस से यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।
आस्था पथ पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश
बैठक के दौरान आस्था पथ पर अश्लील हरकतों की शिकायतों का मुद्दा भी उठाया गया। विधायक डॉ. अग्रवाल ने पुलिस को आस्था पथ क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने तथा शिकायत मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आस्था पथ ऋषिकेश की धार्मिक एवं पर्यटन पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इसकी गरिमा बनाए रखना बेहद आवश्यक है। यहां आने वाले स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, परिवारों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं मर्यादित वातावरण उपलब्ध होना चाहिए।
धार्मिक एवं पर्यटन नगरी की छवि बनाए रखना प्राथमिकता
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस एवं प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही यातायात एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक ने कहा कि आमजन की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए, जिससे ऋषिकेश में स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भी सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।





