उत्तराखंडदेहरादून

उत्तराखंड के युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के अवसर तलाशेगी सरकार

जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया के भारतीय मिशनों के साथ समन्वय के निर्देश; कौशल व भाषा प्रशिक्षण पर जोर

देहरादून(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने भेंट की। इस दौरान संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की मांग और उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय कर विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की मांग और रोजगार के अवसरों की जानकारी जुटाई जाए। उन्होंने कहा कि वैश्विक मांग के अनुरूप युवाओं को कौशल एवं आवश्यक भाषा प्रशिक्षण देकर विदेशों में बेहतर रोजगार से जोड़ा जाए।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के होम स्टे, फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस क्षेत्रों में मौजूद संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विदेशी प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे मॉडल से परिचित कराया जा सकता है।

जाम्बिया के उच्चायुक्त ने शिक्षा और कृषि क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बताईं। वहीं जमैका के उच्चायुक्त ने पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि, विशेषकर नर्सिंग क्षेत्र में अवसरों की जानकारी दी। इथियोपिया के राजदूत ने प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर क्षेत्रों में संभावनाएं बताईं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विभिन्न देशों की आवश्यकताओं का आकलन कर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button