उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगरशिक्षा

नरेंद्रनगर में शैक्षिक सत्र 2027-28 से शुरू होगा केंद्रीय विद्यालय

केंद्रीय विद्यालय संगठन ने दी संचालन की स्वीकृति, पहले चरण में कक्षा एक से पांच तक होगी पढ़ाई

टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड नेशन): नरेंद्रनगर में केंद्रीय विद्यालय खोलने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने शैक्षिक सत्र 2027-28 से विद्यालय का संचालन शुरू करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के प्रयासों से मिली इस मंजूरी से नरेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

भारत सरकार ने दिसंबर 2024 में नागरिक एवं रक्षा क्षेत्रों में 85 नए केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने की स्वीकृति दी थी। इसके तहत विद्यालय संचालन के लिए संबंधित प्रायोजक प्राधिकरण की ओर से चिन्हित भूमि का हस्तांतरण और उपयुक्त अस्थायी भवन उपलब्ध कराना आवश्यक था। नरेंद्रनगर में भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने और विद्यालय संचालन के लिए उपयुक्त अस्थायी भवन उपलब्ध होने के बाद केंद्रीय विद्यालय संगठन ने संचालन की अनुमति दे दी है।

पहले चरण में पांचवीं तक होगी पढ़ाई

विद्यालय में शुरुआती तौर पर कक्षा एक से पांच तक शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा। प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन होगा। भविष्य में आवश्यकता और स्वीकृति के आधार पर कक्षाओं का विस्तार किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया शैक्षिक सत्र 2027-28 के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।

क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

नरेंद्रनगर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिलेंगी। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को लाभ मिलने के साथ ही क्षेत्र के शैक्षिक बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button