उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगरमेला

कुंजापुरी मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या में सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर ने गुदगुदाया

अजय चौहान और अजू तोमर के पहाड़ी गीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कलाकारों को किया सम्मानित

नरेंद्रनगर/टिहरी(दिलीप शर्मा): ऐतिहासिक 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या हास्य और पहाड़ी लोकगीतों के नाम रही। नरेंद्रनगर के मुख्य मेला मैदान में आयोजित स्टार नाइट में प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। वहीं, लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर के लोकप्रिय गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल तथा नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार मौजूद रहे। इस दौरान अतिथियों ने मंच पर पहुंचे कलाकारों को पहाड़ी टोपी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मां कुंजापुरी मेला क्षेत्र की लोक संस्कृति, कला और पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस तरह के आयोजन स्थानीय संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने के साथ ही कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

हास्य प्रस्तुतियों से गूंजा मेला मैदान

सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर की प्रस्तुतियों से हुई। दोनों कलाकारों ने अपने चुटीले अंदाज, हास्य संवादों और मनोरंजक प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब हंसाया। उनकी कॉमेडी पर मेला मैदान देर तक ठहाकों से गूंजता रहा।

इसके बाद लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया। गायकों ने ‘रोहड़ू जाणा मेरी आमिये’, ‘शिलॉन्ग लागा मेला’, ‘लड़की सुहाणी’, ‘झुमके झुमके’ और ‘नाटी किंग’ जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों ने दर्शकों के बीच पहुंचकर भी गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया। देर रात तक युवा और अन्य दर्शक पहाड़ी गीतों की धुनों पर थिरकते रहे।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, प्रकाश चंद्र रमोला, महेश गोसाईं, द्वारिका प्रसाद जोशी, सभासद साकेत बिजल्वाण, सचिन भंडारी, पुष्पा राणा, ममता देवी, विनीता देवी और पार्वती नौटियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

महिला वॉलीबॉल में राजस्थान पुलिस बनी चैंपियन

फाइनल में मनी क्लब को सीधे सेटों में 25-18 और 25-12 से हराया, विजेता को 1.01 लाख और उपविजेता को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि

 

सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के अंतर्गत आयोजित महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में राजस्थान पुलिस ने मनी क्लब को सीधे सेटों में 25-18 और 25-12 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

फाइनल मुकाबले में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विजेता राजस्थान पुलिस की टीम को 1,01,000 रुपये का चेक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता मनी क्लब की टीम को 51,000 रुपये का चेक और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।

 

खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने जीता दर्शकों का दिल

प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले के दौरान खेल मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और मुकाबले का आनंद लिया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं को युवाओं की प्रतिभा निखारने और खेल भावना को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

Related Articles

Back to top button