



- कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल और महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने किया शुभारंभ
- पीएम स्वनिधि योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक प्रतिनिधि सम्मानित

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर निगम ऋषिकेश की ओर से 15 अक्टूबर को चन्द्रेश्वर नगर स्थित रजत जयंती पार्क में बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 379 नागरिकों ने पंजीकरण कराकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना रहा।

शिविर का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने संयुक्त रूप से किया।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस तरह के बहुउद्देशीय शिविर आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शिविर को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने में सुविधा मिलती है। इससे पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने तथा जनसमस्याओं के निस्तारण में भी मदद मिलती है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि इस प्रकार के शिविर महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कदम हैं। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के महत्व पर जोर दिया।
एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न विभागों की सेवाएं
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम ऋषिकेश जनहित और जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से आमजन की समस्याओं के समाधान में तेजी आती है और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिलती है।
शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आवेदन करने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में सहयोग प्रदान किया गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों को चिकित्सा जांच और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
पीएम स्वनिधि योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक प्रतिनिधि सम्मानित
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत पात्र पथ-विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराने और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सराहनीय योगदान देने वाले बैंक प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य बैंकिंग संस्थानों को बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करना और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों को गति देना रहा।
शिविर के सफल आयोजन में नगर निगम ऋषिकेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर उप नगर आयुक्त अंकिता जोशी, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, सिटी मिशन मैनेजर वरुण मल्होत्रा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



