उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

तिलक रोड पर बेतरतीब पार्किंग से लग रहा जाम, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग

अधिवक्ता सुनील पंवार ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, स्कूली बच्चों और आपातकालीन सेवाओं को हो रही परेशानी

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): तीर्थनगरी ऋषिकेश के तिलक रोड पर बेतरतीब पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क के दोनों ओर और दुकानों के बाहर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों से यातायात प्रभावित हो रहा है। इससे आम लोगों के साथ ही स्कूली बसों और आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जाम में एंबुलेंस के फंसने से मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत होती है।

तिलक रोड पर यातायात व्यवस्था सुचारु करने की मांग को लेकर देहरादून बार काउंसिल के अधिवक्ता सुनील पंवार ने एसडीएम कुमकुम जोशी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने और बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

अधिवक्ता सुनील पंवार ने बताया कि तिलक रोड पर कुछ मिठाई की दुकानों के बाहर वाहन आड़े-तिरछे खड़े रहते हैं। दुकानदारों की ओर से भी वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने की उचित व्यवस्था नहीं की जाती। इसके चलते सड़क पर आवागमन बाधित होता है और आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है।

उन्होंने कहा कि इस मार्ग से गुजरने वाली स्कूली बसों को भी जाम के कारण परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं, आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस के फंसने से गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने बताया कि कॉम्प्लेक्स में पर्याप्त पार्किंग सुविधा नहीं होने के कारण कई वाहन शाम तक सड़क किनारे खड़े रहते हैं।

अव्यवस्थित पार्किंग से विवाद की आशंका

सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने को लेकर कई बार वाहन चालकों और अन्य लोगों के बीच कहासुनी की स्थिति भी पैदा हो जाती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही विवाद की आशंका को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाना जरूरी है। अधिवक्ता ने प्रशासन से तिलक रोड पर नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने, अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button