ऋषिकेश: गंगा नदी से अज्ञात शव बरामद, एसडीआरएफ ने पशुलोक बैराज क्षेत्र में चलाया सर्च ऑपरेशन
थाना लक्ष्मण झूला की सूचना पर त्वरित कार्रवाई, पहचान के प्रयास जारी

ऋषिकेश, 20 फरवरी(दिलीप शर्मा): थाना लक्ष्मण झूला से प्राप्त सूचना के क्रम में आज पशुलोक बैराज क्षेत्र में गंगा नदी में एक शव दिखाई देने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में गंगा नदी में डूबे व्यक्तियों की तलाश में एसडीआरएफ टीम लगातार सर्च अभियान चला रही थी। टीम द्वारा देवप्रयाग से लेकर ऋषिकेश स्थित पशुलोक बैराज तक संभावित स्थानों पर आधुनिक उपकरणों की सहायता से निरंतर खोजबीन की जा रही थी। इसी दौरान आज पशुलोक बैराज क्षेत्र में एक शव बरामद किया गया।
प्रथम दृष्टया बरामद शव की आयु लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव की शिनाख्त के लिए संबंधित सभी थानों को सूचना दे दी गई है। इसके साथ ही पूर्व में डूबे व्यक्तियों के परिजनों को भी पहचान के लिए बुलाया गया है।
पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।









