उत्तराखंडशिक्षा

21 फरवरी से शुरू होंगी उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं

21 फरवरी से शुरू होंगी उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं दो लाख से अधिक छात्र-छात्राएं होंगे शामिल, 1261 परीक्षा केन्द्र बनाए गए

देहरादून, 19 फरवरी, (दिलीप शर्मा): प्रदेश में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की बोर्ड परीक्षाएं आगामी 21 फरवरी से प्रारंभ होंगी। इस वर्ष प्रदेशभर में लगभग 2 लाख 15 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा संचालन के लिए राज्यभर में 1261 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील केन्द्रों पर विशेष सतर्कता

मंत्री ने बताया कि कुल परीक्षा केन्द्रों में से 156 को संवेदनशील तथा 6 को अति संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इन केन्द्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, विशेष उड़नदस्तों की तैनाती करने और सतत निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

परीक्षा केन्द्रों के आसपास धारा-144 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित आपूर्ति, संग्रहण और गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश केन्द्र व्यवस्थापकों व निरीक्षकों को दिए गए हैं।

विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं

डॉ. रावत ने सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे बिना तनाव के आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा दें। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों का उत्साहवर्धन करें, ताकि विद्यार्थी परीक्षा कक्ष में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

Related Articles

Back to top button