उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगर

नरेंद्रनगर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित

18 शिकायतें दर्ज, निस्तारण के लिए विभागों को 15 दिन का समय; फरियादियों की कम रही मौजूदगी

नरेंद्रनगर/टिहरी,19 फरवरी (दिलीप शर्मा): प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के अंतर्गत नरेंद्रनगर में स्व. सोबन सिंह नेगी सामुदायिक भवन में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी आशीष चंद्र घिल्डियाल ने की। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 18 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को 15 दिनों का समय निर्धारित किया गया है।

हालांकि कार्यक्रम में फरियादियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, जिसके चलते सभागार की अधिकांश कुर्सियां खाली नजर आईं।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी आशीष चंद्र घिल्डियाल, वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी तथा लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता गौरव जुयाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

उपजिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों की जवाबदेही से जनता को अवगत कराना है।

बाल कल्याण समिति टिहरी के सदस्य राजेंद्र गुसाईं ने भी समिति की कार्यप्रणाली और विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की।

इन प्रमुख मामलों में दर्ज हुई शिकायतें

कार्यक्रम में दर्ज शिकायतों में स्थानीय समस्याएं प्रमुख रहीं—

  • ग्राम डौंर निवासी वीरेंद्र भंडारी ने आपदा से क्षतिग्रस्त भवनों व खेतों के स्थान पर विस्थापन की मांग की।
  • सेवानिवृत्त कर्मचारी धर्म सिंह चौहान ने पालिका सीमा अंतर्गत निर्माणाधीन हाउसिंग भवनों के कार्य में तेजी लाने तथा निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग और नालियों की मरम्मत की मांग उठाई।
  • धनेश पालीवाल ने मुख्य बाजार के बरामदों व सड़कों पर अतिक्रमण हटाने की मांग की।
  • कुमार खेड़ा निवासी सुभाष कुमार ने नगर पालिका कॉलोनी के नीचे स्थित बारात घर तक पैदल मार्ग निर्माण की मांग की।
  • ग्राम पिपलेथ निवासी मकान दास ने लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सड़क से अनुसूचित जाति के चार परिवारों के मकानों को हुए नुकसान पर उचित मुआवजे की मांग की।
  • ग्राम पिलडी दुआधार निवासी बलबीर सिंह ने जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई।

इसके अतिरिक्त कई ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पुस्तों, बिजली व पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं भी प्रशासन के समक्ष रखीं।

विभागीय स्टॉल और निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। आयुष विभाग के होम्योपैथी एवं आयुर्वेदिक स्टॉलों पर चिकित्सकों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी ऐलम सिंह रावत, एसीएमओ डॉ. चंदन मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक थाना नरेंद्रनगर कृष्णा राज शर्मा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य केशव जोशी, व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, भाजपा नेता राजपाल सिंह पुंडीर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महेश गुसाईं ने किया।

Related Articles

Back to top button