उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेतीस्वच्छता

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025: मुनिकीरेती-ढालवाला में स्कूली बच्चों को दी गई स्वच्छता की पाठशाला

बिन प्रणाली, कूड़ा पृथक्करण और ट्रिपल आर का दिया गया प्रशिक्षण, सेग्रीगेशन करने वालों को मिलेगा ‘स्वच्छता चैंपियन’ सम्मान

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): मुनिकीरेती-ढालवाला मे स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा स्कूली बच्चों में स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन को लेकर विशेष आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बिन प्रणाली, कूड़ा पृथक्करण और ट्रिपल आर (रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल) के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के निर्देश पर निकाय स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटा हुआ है। इसी क्रम में शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढालवाला (मॉडल स्कूल) में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

चार रंग की डस्टबीन प्रणाली की दी जानकारी

निकाय टीम ने बच्चों को घरों में डस्टबीन रखने की आदत विकसित करने पर जोर देते हुए चार रंगों की बिन प्रणाली की जानकारी दी।

  • हरा डस्टबीन – गीला/जैविक कचरा
  • नीला डस्टबीन – सूखा/पुनर्चक्रण योग्य कचरा
  • लाल डस्टबीन – खतरनाक/बायोमेडिकल कचरा
  • पीला डस्टबीन – अस्पताल संबंधी कचरा

कूड़ा पृथक्करण के अंतर्गत गीले कचरे (सब्जियां, फल, छिलके, बचा भोजन, चाय पत्ती, फूल-पत्तियां आदि) और सूखे कचरे (प्लास्टिक, कागज, गत्ता आदि) को अलग-अलग रखने की आवश्यकता समझाई गई।

ट्रिपल आर का संदेश: कम करें, पुनः उपयोग करें, पुनर्चक्रण करें

कार्यक्रम में ट्रिपल आर के तहत रिड्यूस, रियूज और रिसाइकिल की अवधारणा पर प्रकाश डाला गया। बच्चों को अपने घर, विद्यालय और खेल मैदान सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने के लिए प्रेरित किया गया।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रत्येक घर में डस्टबीन रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। उन्होंने बताया कि निकाय द्वारा पृथक कूड़ा देने वाले नागरिकों को ‘स्वच्छता चैंपियन’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में सफाई निरीक्षक कमल चौहान, प्रधानाध्यापिका पुनीता झिल्डियाल, अनुपमा बडोला, मंजू शर्मा, प्रवीन अरोड़ा, विनोद नौटियाल, सुषमा बहुगुणा, मंजू कुड़ियाल, सचिन्द्र चौहान तथा सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button