उत्तराखंडऋषिकेश

रांसी स्टेडियम में ‘बजट–पूर्व संवाद’ कार्यक्रम आयोजित, मेयर शंभू पासवान ने रखे जनहित के सुझाव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष आधारभूत संरचना, स्वच्छता, पार्किंग व पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्ताव; जनभावनाओं के अनुरूप बजट का आश्वासन

ऋषिकेश | 20 फरवरी (दिलीप शर्मा): पौड़ी गढ़वाल स्थित रांसी स्टेडियम में आयोजित ‘बजट–पूर्व संवाद’ कार्यक्रम में नगर निगम ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने सहभागिता करते हुए नगर क्षेत्र से संबंधित विभिन्न जनहितकारी सुझाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी राज्य बजट से पूर्व जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों, युवाओं, महिला समूहों तथा सामाजिक संस्थाओं से सुझाव प्राप्त कर जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर मेयर ने नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, पार्किंग सुविधाओं के विस्तार, यातायात प्रबंधन में सुधार तथा पर्यटन विकास को बढ़ावा देने से जुड़े प्रस्ताव विस्तार से रखे।

मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि प्रदेश का आगामी बजट जनभावनाओं के अनुरूप एवं विकासोन्मुखी होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य को प्रगति के नए आयाम देने के संकल्प को दोहराया गया।

मेयर शंभू पासवान ने कहा कि ‘बजट–पूर्व संवाद’ जैसी पहल पारदर्शी एवं सहभागी शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करती है तथा स्थानीय निकायों को अपनी आवश्यकताएं सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करती है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रहे।

Related Articles

Back to top button