
हरिद्वार, 21 फरवरी(दिलीप शर्मा): आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की। बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, अन्य विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने भी सहभागिता करते हुए कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, यातायात प्रबंधन को सुचारु बनाने, पर्याप्त पार्किंग स्थलों के विकास, पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कुंभ मेले को ऐतिहासिक, दिव्य एवं सुरक्षित स्वरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना पर गहन चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित कर कार्यों को तय अवधि में पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए गए।
राज्य सरकार एवं स्थानीय निकाय कुंभ मेला 2027 को सफल, भव्य और दिव्य बनाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।









