ऋषिकेश में 9.51 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की नशा विरोधी कार्रवाई, NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश, 21फरवरी (दिलीप शर्मा): जनपद देहरादून को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने 9.51 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
चेकिंग के दौरान रेलवे ट्रैक के पास पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 को गठित टीम क्षेत्र में गश्त और सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दून इंस्टीट्यूट के पास रेलवे ट्रैक, ऋषिकेश से एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसकी शर्ट की बायीं जेब से सफेद पारदर्शी पन्नी में रखा भूरा डलीनुमा व चूर्णनुमा पदार्थ बरामद हुआ।
क्राइम डिटेक्शन किट से जांच करने पर पदार्थ स्मैक पाया गया। तौलने पर उसका शुद्ध वजन 9.51 ग्राम निकला।
हरिद्वार से खरीदकर राहगीरों को बेचता था स्मैक
गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में अपना नाम अनूप कंडियाल (27 वर्ष) पुत्र स्व. शूरवीर सिंह कंडियाल निवासी गढ़ी मयचक, श्यामपुर, ऋषिकेश बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्मैक हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र से खरीदकर लाया था और राहगीरों को बेचकर मुनाफा कमाता था।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज
आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मु.अ.सं. 76/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे 21 फरवरी को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
अभियान रहेगा जारी
ऋषिकेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब, चरस, स्मैक व अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में शामिल:
- उपनिरीक्षक सुमित चौधरी
- कांस्टेबल 471 आकाश मीणा
- कांस्टेबल 124 अशोक









