उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेतीस्वच्छता

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025: सिंगल यूज प्लास्टिक पर पालिका की सख्ती, छह चालान

मुनिकीरेती-ढालवाला में विशेष छापेमारी अभियान, 1300 रुपये का जुर्माना वसूला

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्रान्तर्गत  स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की टीम ने शनिवार को विशेष छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान छह प्रतिष्ठानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 1300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के निर्देश पर सफाई निरीक्षक कमल चौहान के नेतृत्व में टीम ने शीशम झाड़ी, मुनिकीरेती और ढालवाला क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग तथा परिसर में गंदगी पाई गई।

टीम ने मौके पर ही छह प्रतिष्ठानों के चालान काटे। अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों को भविष्य में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी।

सफाई निरीक्षक ने व्यापारियों से अपील की कि वे नगर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और पॉलिथीन का प्रयोग पूर्णतः बंद करें, अन्यथा आगे भी अभियान जारी रहेगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button