उत्तराखंडटिहरी गढ़वालहादसा

तोताघाटी में भूस्खलन: मलबे में दबा ट्रक, चालक की मौत

तड़के 3:05 बजे हुआ हादसा, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल उत्तराखंड ने चलाया रेस्क्यू अभियान

 

टिहरी, 23 फरवरी(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल के तोताघाटी क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए भीषण भूस्खलन की चपेट में एक ट्रक आ गया। हादसा सुबह करीब 3:05 बजे हुआ, जब पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर ट्रक के ऊपर आ गिरे। घटना के समय ट्रक के केबिन में चालक के फंसे होने की आशंका जताई गई थी। भूस्खलन के चलते मार्ग भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।

सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) उत्तराखंड की टीम उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने मलबे में दबे ट्रक तक पहुंचकर केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

मृतक की पहचान मुरारी लाल (55 वर्ष) पुत्र दुर्गा लाल, निवासी घुट्टियानी, जनपद चमोली गढ़वाल के रूप में हुई है। एसडीआरएफ टीम ने शव को आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

भूस्खलन के कारण क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन द्वारा मार्ग से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button