उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश फायर स्टेशन का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, संसाधनों की परखी गई तैयारी

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने उपकरणों, वाहनों व आपदा प्रबंधन व्यवस्था की ली विस्तृत जानकारी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और नियमित रख-रखाव पर दिया विशेष जोर

ऋषिकेश/देहरादून,25 फरवरी(दिलीप शर्मा): जनपद देहरादून के अंतर्गत ऋषिकेश स्थित फायर स्टेशन का बुधवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन में उपलब्ध अग्निशमन संसाधनों, उपकरणों तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फायर स्टेशन में तैनात अधिकारियों से विभिन्न मदों में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अग्निशमन वाहनों, अग्निशमन उपकरणों, आपदा प्रबंधन संसाधनों, संचार प्रणाली एवं सुरक्षा मानकों का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही उपकरणों की कार्यशील स्थिति, उनके रख-रखाव की प्रक्रिया तथा नियमित परीक्षण व्यवस्था की भी जांच की गई।

पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों की उपस्थिति, प्रशिक्षण अभिलेखों और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आपदा अथवा अग्निकांड जैसी विषम परिस्थितियों में फायर कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अग्निशमन उपकरणों और वाहनों को पूर्णतः क्रियाशील अवस्था में रखा जाए तथा उनके नियमित परीक्षण और रख-रखाव में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही आपातकालीन संचार प्रणाली को भी सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया गया, ताकि किसी भी घटना की सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके।

फायर कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रेस्क्यू अभियानों के दौरान टीम वर्क, तत्परता और तकनीकी दक्षता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उच्च स्तर की पेशेवर प्रतिबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन ऋषिकेश में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button