चम्बा में औषधि विभाग व पुलिस की संयुक्त छापेमारी, एक मेडिकल स्टोर की बिक्री तत्काल रोकी
मादक व मनःप्रभावी दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्ती, दो दुकानों को नोटिस डीएम नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर हुई औचक कार्रवाई

चम्बा/टिहरी, 26फरवरी (दिलीप शर्मा): जनपद के चम्बा क्षेत्र में मादक एवं मनःप्रभावी दवाओं की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार, 25 फरवरी 2026 को औषधि निरीक्षण विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर की गई।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स पर उपलब्ध नारकोटिक (Narcotic) औषधियों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेखों की गहन जांच की गई। प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और रिकॉर्डिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
गंभीर अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई
जांच के दौरान एक मेडिकल स्टोर पर गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसके क्रय-विक्रय को मौके पर ही तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। इसके अतिरिक्त दो अन्य मेडिकल स्टोर्स को नियमानुसार नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बिना वैध पर्चे दवा बिक्री पर होगी कठोर कार्रवाई
प्रशासन की ओर से सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी मादक अथवा मनःप्रभावी (Psychotropic) औषधि का विक्रय बिना पंजीकृत चिकित्सक (Registered Medical Practitioner – RMP) के वैध प्रिस्क्रिप्शन के नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निरीक्षण टीम में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी, औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।









