उत्तराखंडदेहरादून

पुष्कर सिंह धामी ने नंदा गौरा योजना के तहत 33,251 बालिकाओं के खातों में 145.93 करोड़ रुपये किए हस्तांतरित

डीबीटी के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 की सहायता राशि जारी, जन्म से शिक्षा और रोजगार तक बेटियों को सशक्त बनाने पर जोर

देहरादून, 26 फरवरी(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार तक हर स्तर पर उन्हें सशक्त बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने नंदा गौरा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश की 33,251 बालिकाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1,45,93,00,000 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में जन्म के समय बेटा-बेटी के बीच होने वाले भेदभाव को समाप्त करने और कन्या जन्म को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार नंदा गौरा योजना का संचालन कर रही है। योजना के अंतर्गत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण करने पर उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

उन्होंने बताया कि अब तक योजना के तहत 3,77,784 बालिकाओं को कुल 11,68,49,00,000 रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण देकर उनके रोजगार के अवसर भी सुनिश्चित कर रही है। इससे राज्य की महिलाओं की भागीदारी मजबूत हुई है और सरकारी कार्यालयों की कार्यसंस्कृति में भी सकारात्मक परिवर्तन आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से भी महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा समाज में लैंगिक असमानता को कम करने में प्रभावी सिद्ध हुई है।

इस अवसर पर विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि इस वर्ष लाभान्वित बालिकाओं में 5,913 नवजात हैं, जबकि 27,338 बालिकाओं को 12वीं उत्तीर्ण करने पर यह धनराशि प्रदान की गई है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में सचिव चंद्रेश कुमार, विभागीय निदेशक बंशीलाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button