
ऋषिकेश, 26 फरवरी(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय सह संयोजक (प्रशिक्षण महाभियान) ओम प्रकाश धनखड़ के अपने विधानसभा क्षेत्र ऋषिकेश आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल और धनखड़ के मध्य संगठनात्मक विषयों, प्रशिक्षण महाभियान की रूपरेखा तथा संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं के सतत प्रशिक्षण, संगठनात्मक मजबूती और जनसेवा के प्रति समर्पण को भारतीय जनता पार्टी की मूल शक्ति बताया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और सामाजिक रूप से अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। इससे पार्टी की जनसेवा की भावना को नई गति मिलेगी तथा संगठनात्मक कार्यों में और अधिक प्रभावशीलता आएगी।
उल्लेखनीय है कि ओम प्रकाश धनखड़ पूर्व में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। संगठनात्मक कार्यों में उनका व्यापक अनुभव पार्टी के लिए मार्गदर्शक सिद्ध हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी धनखड़ का स्वागत करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को दोहराया।









