
ऋषिकेश,13 जुलाई(दिलीप शर्मा): जम्मू-कश्मीर के नेता प्रतिपक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील कुमार शर्मा के ऋषिकेश विधानसभा आगमन पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल और सुनील कुमार शर्मा के बीच विभिन्न सामरिक, समसामयिक एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी की सरकारों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा सुशासन के मॉडल पर विचार-विमर्श किया।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारें देश के विभिन्न राज्यों में विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के नए आयाम स्थापित कर रही हैं तथा आमजन के जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
वहीं, सुनील कुमार शर्मा ने उत्तराखंड सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में विकास की गति लगातार आगे बढ़ रही है और जनहित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की तथा पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए अपने विचार साझा किए।










