
ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश-भानियावाला राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) के चौड़ीकरण कार्य के तहत वृक्षों के पातन के दौरान सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने दो व्यक्तियों के विरुद्ध निवारक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170(1), 126 एवं 135 के तहत गिरफ्तार कर चालानी कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार हाईवे चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत वृक्षों की कटाई के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान दो व्यक्तियों ने कार्य का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि एक व्यक्ति पेड़ों से लिपटकर कटान कार्य में बाधा डालने लगा, जबकि दूसरे ने सड़क पर जाम लगाकर नारेबाजी और हो-हल्ला करते हुए अन्य लोगों को भी उकसाने का प्रयास किया। इससे सरकारी कार्य और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद पुलिस, वन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने पर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए निवारक कार्रवाई की।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में कुन्दन सिंह बिष्ट पुत्र स्वर्गीय शेर सिंह निवासी ग्राम बगुना, पोस्ट रतगल, तहसील रानीखेत, जनपद अल्मोड़ा तथा रणविजय पुत्र नन्दराम निवासी गली नंबर-6, सेक्टर-3, भजनगढ़ रोड, 14 बीघा, ऋषिकेश शामिल हैं।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने कहा है कि विकास कार्यों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सरकारी कार्य में बाधा डालने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किए जाने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।










