उत्तराखंडऋषिकेशहादसा

ऋषिकेश बैराज के ओम घाट पर गंगा में डूबा 12 वर्षीय किशोर, एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

एम्स ऋषिकेश के समीप स्नान के दौरान तेज बहाव में बहा किशोर, डीप डाइविंग टीम कर रही तलाश; बढ़े जलस्तर को देखते हुए नदी से दूर रहने की अपील

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): एम्स ऋषिकेश के समीप बैराज स्थित ओम घाट पर सोमवार शाम गंगा नदी में स्नान के दौरान 12 वर्षीय किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। सूचना मिलने के बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर डीप डाइविंग उपकरणों की मदद से सघन सर्च अभियान शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा।

 

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे ऋषिकेश कंट्रोल रूम से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि ओम घाट पर एक किशोर गंगा में स्नान करते समय तेज बहाव में बह गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम आवश्यक रेस्क्यू एवं डीप डाइविंग उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर मिली जानकारी के अनुसार, चंदन शर्मा (12 वर्ष), पुत्र दयाराम शर्मा, निवासी गली नंबर-29, शिवाजी नगर, ऋषिकेश, अपने दोस्तों के साथ गंगा में स्नान करने आया था। इसी दौरान वह संतुलन खो बैठा और तेज बहाव में बहकर देखते ही देखते नदी में लापता हो गया।

एसडीआरएफ की टीम ने घटना स्थल से लेकर डाउनस्ट्रीम के संभावित क्षेत्रों में डीप डाइविंग उपकरणों एवं अन्य रेस्क्यू संसाधनों की सहायता से व्यापक खोजबीन की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका था। सर्च अभियान लगातार जारी है।

घटनास्थल पर ऋषिकेश पुलिस और जल पुलिस की टीम भी मौजूद रही तथा राहत एवं खोज अभियान में एसडीआरएफ के साथ समन्वय कर आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

एसडीआरएफ की अपील

एसडीआरएफ उत्तराखंड ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव अत्यधिक तेज है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही करते हुए नदी में प्रवेश न करें। केवल चिन्हित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button