उत्तराखंडजनता दरबारटिहरी गढ़वाल

जनता मिलन में डीएम ने सुनीं 82 शिकायतें, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

मानसून को लेकर सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन, जिला योजना और जनसमस्याओं की समीक्षा

टिहरी गढ़वाल (दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में कुल 82 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए, जिनके त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करते हुए एक माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला योजना के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने पर जोर दिया।

मानसून को लेकर प्रशासन सतर्क

मानसून सीजन को देखते हुए डीएम ने सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहकर अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं विद्युत, पेयजल और पूर्ति विभागों को भी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए।

पूर्व सैनिकों के लिए भवन की मांग पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

जनता मिलन में पूर्व सैनिक समाज सेवा संगठन, चौरास के अध्यक्ष सूबेदार मेजर यशवंत सिंह रौतेला ने बताया कि क्षेत्र में करीब 500 पूर्व सैनिक निवास करते हैं, लेकिन राष्ट्रीय पर्व, शहीद दिवस, शौर्य दिवस और संगठन की बैठकों के लिए भवन उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में औचित्यपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

ट्रांसफार्मर स्थापना और क्षतिग्रस्त मार्ग के मामलों पर कार्रवाई

विकासखंड घनसाली के ग्राम चांजी तल्ली निवासी सोहनलता रावत ने बिना अनुमति खेत में विद्युत ट्रांसफार्मर और पोल स्थापित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं ग्राम गोठ निवासी जगत राम चमोली ने क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत आपदा मद से कराने की मांग उठाई, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मेधावी दिव्यांग युवक को प्राथमिकता के आधार पर सहायता के निर्देश

तहसील नैनबाग के ग्राम मोगी निवासी आशीष दास ने अस्थायी मानसिक दिव्यांगता, पिता के निधन और आर्थिक संकट की जानकारी देते हुए रोजगार व सहायता की मांग की। आशीष ने बताया कि वह ‘मिशन शतक परीक्षा’ के मेधावी छात्र रहे हैं तथा इंस्पायर अवार्ड, राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी और नमामि गंगे कार्यक्रम में भी सम्मानित हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने सेवायोजन अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button