गंगा की प्रचंड धारा से चार जिंदगियां छीन लाई टिहरी पुलिस, साहसिक रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा
मुनिकीरेती के शत्रुघ्न घाट पर गंगा में बह रहे जयपुर के एक ही परिवार के चार सदस्यों को पुलिस, जल पुलिस और आपदा राहत दल ने जान जोखिम में डालकर बचाया, त्वरित कार्रवाई की हर ओर सराहना।

टिहरी/मुनिकीरेती,14 जुलाई(दिलीप शर्मा): टिहरी पुलिस ने एक बार फिर साहस, सतर्कता और मानव सेवा का ऐसा परिचय दिया, जिसने चार लोगों को मौत के मुंह से वापस खींच लाया। मुनिकीरेती क्षेत्र के शत्रुघ्न घाट पर गंगा की प्रचंड धारा में बह रहे जयपुर (राजस्थान) के एक ही परिवार के चार सदस्यों का पुलिस ने अपनी जान की परवाह किए बिना सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही पलों में एक बड़ा हादसा टल गया और चार परिवारों के चिराग बुझने से बच गए।
घटना 13 जुलाई की है, जब जयपुर से आया एक परिवार शत्रुघ्न घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान परिवार के सदस्य नानू का पैर अचानक फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी गंगा की प्रचंड धारा की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों लोग पानी में डूबने लगे, जिससे घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही घाट पर तैनात टिहरी पुलिस, जल पुलिस और आपदा राहत दल ने बिना एक पल गंवाए साहसिक अभियान शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा की तेज धारा में छलांग लगाई और लाइफ बॉय की मदद से चारों लोगों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद सभी को आवश्यक प्राथमिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
इस साहसिक अभियान में हेड कांस्टेबल विदेश चौहान, हेड कांस्टेबल राजेंद्र, गोताखोर पियूष चौहान, गोताखोर महेंद्र चौधरी सिंह और संतोष कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी बहादुरी, सूझबूझ और टीमवर्क के कारण चार लोगों की जान बच सकी। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की।
सकुशल बचाए जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने भावुक होकर टिहरी पुलिस, जल पुलिस और आपदा राहत दल का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि टिहरी पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की हर घड़ी में आमजन की सुरक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगाने से भी पीछे नहीं हटती। पुलिस का यह साहसिक कार्य सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है।
टिहरी पुलिस ने मानसून के मद्देनजर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि गंगा का जलस्तर और बहाव इस समय अत्यधिक तेज है। ऐसे में केवल निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें, चेतावनी संकेतों का पालन करें और पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।










