उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

नमस्ते दिवस पर पर्यावरण मित्रों का सम्मान, मुनिकीरेती-ढालवाला पालिका ने वितरित की पीपीई सुरक्षा किट

भारत सरकार की नमस्ते योजना के तहत सेप्टिक टैंक, सीवर कर्मियों और कूड़ा बीनने वाले पर्यावरण मित्रों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए, सुरक्षित कार्य प्रणाली की दी गई जानकारी।

मुनिकीरेती (दिलीप शर्मा): भारत सरकार की नमस्ते (NAMASTE) योजना के तहत आयोजित नमस्ते दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा सेप्टिक टैंक एवं सीवर संबंधी कार्यों से जुड़े श्रमिकों तथा कूड़ा बीनने वाले पर्यावरण मित्रों को पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्यूपमेंट (पीपीई) किट एवं अन्य सुरक्षा उपकरण वितरित किए गए।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण मित्रों को सुरक्षित कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराना तथा उन्हें आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने कहा कि सेप्टिक टैंक और सीवर संबंधी कार्य अत्यंत जोखिमपूर्ण होते हैं। ऐसे में कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पर्यावरण मित्रों से पीपीई किट का नियमित उपयोग करने और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती एवं सफाई निरीक्षक कमल चौहान ने उपस्थित पर्यावरण मित्रों को पीपीई किट के सही उपयोग, सेप्टिक टैंक एवं सीवर में सुरक्षित ढंग से कार्य करने की प्रक्रिया तथा भारत सरकार की नमस्ते योजना के उद्देश्यों और लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान पालिका क्षेत्र में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को सुरक्षा उपकरण वितरित करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। पालिका प्रशासन ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनकी सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Related Articles

Back to top button