सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: टिहरी से 40 सदस्यीय दल सात दिवसीय यात्रा पर रवाना
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने दिखाई हरी झंडी, जिला प्रशासन की निःशुल्क पहल से प्रतिभागी गुजरात के सोमनाथ धाम का करेंगे भ्रमण


टिहरी गढ़वाल,13 जुलाई(दिलीप शर्मा): सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल से 40 सदस्यीय दल को सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित सोमनाथ के लिए रवाना किया। यह दल सात दिवसीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक यात्रा पर जाएगा।
यात्रा दल में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 40 प्रतिभागी शामिल हैं, जिनमें 21 पुरुष और 19 महिलाएं हैं। सभी प्रतिभागी सोमवार शाम हर्रावाला (देहरादून) से ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे।

जिला प्रशासन की ओर से यह यात्रा पूर्णतः निःशुल्क कराई जा रही है। इसका संचालन जिला युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य प्रतिभागियों को सोमनाथ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराना, साथ ही राष्ट्रीय एकता एवं देश की सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र सिंह फोनिया, विभागीय कार्मिक तथा यात्रा दल के सदस्य मौजूद रहे।










