उत्तराखंडक्राइमटिहरी गढ़वालपुलिस बुलेटिनमुनि की रेती

तपोवन बैरियर पर 1.020 किलो चरस के साथ हिमाचल का युवक गिरफ्तार

बरामद चरस की कीमत करीब ढाई लाख रुपये, मुनि की रेती पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत टिहरी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.020 किलोग्राम चरस के साथ हिमाचल प्रदेश निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने चरस के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में थाना मुनि की रेती पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने तीन नवंबर की रात तपोवन बैरियर पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान स्कूटी संख्या UK14TB0588 पर सवार एक युवक को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 1.020 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान अभिषेक (23) पुत्र पुरुषोत्तम लाल, निवासी ग्राम बुड्ढी, थाना एवं जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह चरस हिमाचल प्रदेश के शिमला निवासी गुलशन नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना मुनि की रेती में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। चरस परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

संयुक्त टीम ने चलाया चेकिंग अभियान

कार्रवाई करने वाली मुनि की रेती पुलिस टीम में उप निरीक्षक प्रवीण रावत, हेड कांस्टेबल विजय प्रताप और कांस्टेबल पंकज तोमर शामिल रहे। वहीं एएनटीएफ टीम में उप निरीक्षक आशीष शर्मा तथा कांस्टेबल रविंद्र और नजाकत शामिल थे।

नशे के कारोबार की सूचना देने की अपील

टिहरी पुलिस ने आमजन से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहयोग जरूरी है और मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button