
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): आगामी दीपावली, इगास-बग्वाल एवं छठ पूजा के मद्देनजर महापौर शंभू पासवान ने त्रिवेणी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाट परिसर में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने घाट पर जमा रेत को प्राथमिकता से हटाने, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचेंगे, ऐसे में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं। साथ ही विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
उन्होंने कहा कि त्रिवेणी घाट ऋषिकेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। इसकी स्वच्छता, सुंदरता और श्रद्धालुओं की सुविधा बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।





