उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की, सरकारी काम में डाली बाधा

पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल से ले जाते समय एक्सीलेटर घुमाकर गिराया, आरोपी मौके से फरार; मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): लेबर कॉलोनी स्थित कृष्णा नगर क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और राजकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की पहचान दलविंदर सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी लेबर कॉलोनी, ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने के साथ ही उन्हें मोटरसाइकिल से गिराने का प्रयास भी किया, जिसके चलते दोनों पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को कोतवाली ऋषिकेश की आईडीपीएल चौकी क्षेत्र में चीता मोबाइल ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल रमेश मैठाणी लेबर कॉलोनी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतों के मद्देनजर दोनों पुलिसकर्मी सोनिया उर्फ गुड्डी के घर की ओर जाने वाले चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान सोनिया के पति दलविंदर सिंह वहां पहुंच गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी पर आपत्ति जताते हुए उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह और अधिक आक्रोशित हो गया और अभद्र व्यवहार करते हुए पुलिसकर्मियों को वहां से चले जाने के लिए धमकाने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे नियंत्रित कर आईडीपीएल चौकी ले जाने लगे।

पुलिस के मुताबिक, लेबर कॉलोनी स्थित विश्वकर्मा चौक के पास मोटरसाइकिल पर बीच में बैठे दलविंदर सिंह ने अचानक हाथ बढ़ाकर मोटरसाइकिल का एक्सीलेटर घुमा दिया। इससे मोटरसाइकिल की गति अचानक बढ़ गई और वह अनियंत्रित होकर गिर गई। मोटरसाइकिल पर सवार सभी लोग नीचे गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने फिर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की तथा मौके से फरार हो गया। घटना के बाद दोनों पुलिसकर्मियों ने अपना मेडिकल परीक्षण कराया।

 

आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज

 

पुलिसकर्मियों की जुबानी तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में दलविंदर सिंह के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 574/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 221, 132 और 121(1) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

आरोपी और उसकी पत्नी का आपराधिक इतिहास भी दर्ज

 

पुलिस के अनुसार, दलविंदर सिंह के खिलाफ पूर्व में आबकारी अधिनियम के तहत पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2015 के दो, वर्ष 2018 के दो और वर्ष 2021 का एक मुकदमा शामिल है। वर्तमान प्रकरण को मिलाकर उसके खिलाफ कुल छह मुकदमों का विवरण सामने आया है।

वहीं, आरोपी की पत्नी सोनिया उर्फ गुड्डी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम और गुंडा अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में वर्ष 2009 से 2026 तक कुल 16 मुकदमे दर्ज होने का विवरण पुलिस ने जारी किया है।

Related Articles

Back to top button