18 से 20 दिसंबर तक हो सकता है टिहरी लेक फेस्टिवल, स्थानीय संस्कृति और साहसिक गतिविधियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
स्थानीय कलाकारों, महिलाओं और पारंपरिक हस्तशिल्प को मिलेगी प्राथमिकता, जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी होंगे विशेष आयोजन

टिहरी,(दिलीप शर्मा): आगामी टिहरी लेक फेस्टिवल के आयोजन को लेकर जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में फेस्टिवल की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा और विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान 18 से 20 दिसंबर तक फेस्टिवल आयोजित करने की संभावित तिथियों का प्रस्ताव रखा गया।
बैठक में स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में विधायक किशोर उपाध्याय और नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत ने फेस्टिवल का उद्घाटन अथवा समापन समारोह टिहरी मुख्यालय में आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि आयोजन में स्थानीय कलाकारों को विशेष मंच और अवसर मिलना चाहिए, ताकि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके।
घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के वादकों की प्रतियोगिता आयोजित करने के साथ ही स्थानीय कलाकारों, महिलाओं और पारंपरिक परिधानों को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही। नगर पालिका अध्यक्ष चंबा ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, जबकि प्रमुख प्रतापनगर ने महिलाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। प्रमुख कीर्तिनगर ने स्थानीय काष्ठ कला और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
फेस्टिवल को आकर्षक और बहुआयामी बनाने के लिए मास्टर शेफ प्रतियोगिता, फैशन शो, सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, रैप, कैरिअप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा गंगा आरती, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और फूड फेस्टिवल भी आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
इस बार फेस्टिवल में एक्रो शो जैसी साहसिक गतिविधियों को नए आकर्षण के रूप में शामिल करने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी), कैंपिंग, मैराथन और रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से साहसिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।
विधानसभा क्षेत्रों में भी होंगे विशेष आयोजन
टिहरी लेक फेस्टिवल को जिलेव्यापी स्वरूप देने के उद्देश्य से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी अलग-अलग गतिविधियां आयोजित करने पर विचार किया गया। प्रस्ताव के अनुसार घनसाली में मासरताल ट्रेक और मैराथन, धनोल्टी में एमटीबी राइड, कैंपिंग और नागटिब्बा ट्रैकिंग तथा प्रतापनगर में पीठी पर्वत ट्रैकिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और एस्ट्रोनॉमी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इसी तरह देवप्रयाग में रघुनाथ मंदिर भ्रमण, गंगा आरती, संगम पर योग और रॉक क्लाइंबिंग तथा नरेंद्रनगर में बर्ड वॉचिंग और ट्रैकिंग जैसी गतिविधियां प्रस्तावित की गई हैं।
बैठक में उप जिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एसएस राणा, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा सोबनी धनौला, प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खंडेवाल और प्रमुख प्रतापनगर मनीषा पंवार वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। इसके अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।





