
ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश के गुमानीवाला स्थित लालपानी बीट में निर्मित कूड़ाघर को लेकर स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक की। अपने कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी और नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला से कूड़ाघर से प्रभावित क्षेत्रवासियों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके निराकरण के निर्देश दिए।
डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि कूड़ाघर को लेकर स्थानीय लोगों की भावनाओं और आपत्तियों को गंभीरता से लिया जाए। क्षेत्रवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी पहलुओं पर विचार करते हुए उचित और व्यावहारिक समाधान निकाला जाए। उन्होंने वन विभाग से लगी भूमि पर सड़क निर्माण कराने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला ने बताया कि कूड़ाघर से निकलने वाली दुर्गंध को आबादी क्षेत्र में फैलने से रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके तहत ऊंची दीवार का निर्माण, सुगंधित पौधों का रोपण और चिमनी लगाने जैसे उपाय किए जाएंगे, ताकि आसपास रहने वाले लोगों को होने वाली परेशानी कम हो सके।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है। विकास कार्यों के साथ स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं, स्वास्थ्य और भावनाओं का ध्यान रखना भी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कूड़ाघर से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। साथ ही प्रस्तावित कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।





