त्योहारों के मद्देनजर चंबा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 12 खाद्य नमूने जांच को भेजे
मिठाई, पनीर, घी और मसालों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए; दो दुकानदारों को सुधार नोटिस जारी, खाद्य प्रतिष्ठानों को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को चंबा बाजार में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों, परचून की दुकानों और फल-सब्जी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के 12 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि अनियमितताएं पाए जाने पर दो दुकानदारों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि निरीक्षण में खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले दुग्ध उत्पादों के स्रोत, कच्चे माल की खरीद के बिल, खाद्य निर्माण प्रक्रिया, उत्पादों की लेबलिंग एवं पैकेजिंग, बैच नंबर, निर्माण और समाप्ति तिथि के साथ ही रसोईघर की साफ-सफाई की जांच की गई। इसके अलावा एनालॉग पनीर और गैर-दुग्ध उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से भी प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
टीम ने खाद्य कारोबारियों को निर्माण स्थल और रसोईघर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सामग्री के भंडारण और उपयोग में एफआईएफओ (पहले आया, पहले उपयोग) व्यवस्था अपनाने को कहा। मिठाई एवं बेकरी विक्रेताओं को प्रत्येक ट्रे पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित करने के निर्देश दिए गए। होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई विक्रेताओं को भी स्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थ तैयार करने की हिदायत दी गई।
12 खाद्य नमूने प्रयोगशाला भेजे
निरीक्षण के दौरान टीम ने मिठाई के पांच, पनीर के दो, बेसन का एक, घी का एक, मसालों के दो और अन्य खाद्य पदार्थ का एक नमूना संग्रहित किया। कुल 12 नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके साथ ही चंबा क्षेत्र में खाद्य सामग्री की आपूर्ति करने वाले वाहनों का भी निरीक्षण किया गया।
व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की भी जांच
अभियान में शामिल जिला पूर्ति विभाग की टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों में इस्तेमाल किए जा रहे व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की जांच की। दुकानदारों को घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। इसके अलावा सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को आवश्यक खाद्य पदार्थों की मूल्य सूची प्रमुखता से चस्पा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य अधिकारी शारदा शर्मा एवं बलवंत चौहान तथा जिला पूर्ति विभाग से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गर्विन भट्ट, पूर्ति निरीक्षक रवि राणा और सहायक श्रीचंद कुमाई मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने, गुणवत्ता बनाए रखने और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।





