कांवड़ यात्रा से पहले आस्था पथ पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर पालिका, राजस्व और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, अतिक्रमण सामग्री जब्त; चार लोगों पर चालानी कार्रवाई

मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन ने बुधवार को संयुक्त अभियान चलाकर आस्था पथ पर फैले अवैध अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देश पर नगर पालिका, राजस्व और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम जानकी झूला क्षेत्र में एकत्र हुई। इसके बाद टीम ने आस्था पथ पर अभियान चलाते हुए अवैध रूप से किए गए अतिक्रमणों को हटाना शुरू किया।

अचानक हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अभियान के दौरान तीन स्थानों पर अवैध रूप से रखी गई अतिक्रमण सामग्री को जब्त किया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले चार अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी अमल में लाई गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
अभियान के दौरान कानूनगो राय सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, कर निरीक्षक आकाश अग्रवाल, सफाई सुपरवाइजर बाबू सिंह, राजस्व उपनिरीक्षक निधि थपलियाल सहित नगर पालिका, राजस्व और पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










