
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): चंद्रेश्वर नगर स्थित एक होटल में बुधवार को उत्तराखंड डिजिटल मीडिया क्लब (यूडीएमसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्लब के सदस्यों और पदाधिकारियों ने संगठन के पुनर्गठन, भविष्य की कार्ययोजना तथा पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
लंबी चर्चा के बाद संगठन का पुनर्गठन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार आशीष श्रीवास्तव को उत्तराखंड डिजिटल मीडिया क्लब का अध्यक्ष चुना गया, जबकि आध्यात्मिक गुरु स्वामी प्रकाशानंद को क्लब का संरक्षक बनाया गया। पदाधिकारियों के चयन के बाद उपस्थित सदस्यों ने नवगठित टीम का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
क्लब के संस्थापक दुर्गेश मिश्रा ने कहा कि भारतीय समाज में संतों का सदैव महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन से समाज में सकारात्मक बदलाव और जनजागरण का कार्य होता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड डिजिटल मीडिया क्लब भी संतों के मार्गदर्शन में राष्ट्रहित, समाजहित और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पत्रकारों के हितों की रक्षा करना ही नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना भी है। क्लब डिजिटल मीडिया के विभिन्न माध्यमों के जरिए जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रकाशित करेगा, ताकि जनता की आवाज प्रशासन और सरकार तक पहुंच सके।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने डिजिटल पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि बदलते दौर में डिजिटल मीडिया की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पत्रकारों को निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित की पत्रकारिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
बैठक के अंत में नव नियुक्त अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत एवं प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्लब पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, उनके सम्मान तथा समाज और प्रदेश के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए निरंतर कार्य करेगा।










