
ऋषिकेश,15 जुलाई(दिलीप शर्मा): मानसून के दौरान शहर में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने नगर निगम अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बुधवार को उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में नगर निगम के मेयर शंभू पासवान और नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ला के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में शहर की मानसूनी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव, गंदगी और नालों के अवरुद्ध होने जैसी समस्याएं आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती हैं। ऐसे में नगर निगम को पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करते हुए शहर की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखना होगा।
उन्होंने अधिकारियों को प्रमुख नालों की नियमित सफाई कराने, कूड़ा उठान व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, स्ट्रीट लाइटों की सुचारू कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने तथा जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने और नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान नगर निगम की टीम ने मानसून को लेकर अब तक की तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी और शहर में किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए निगम पूरी तरह तैयार है।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में नगर निगम सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मानसून के दौरान शहर स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बना रहे तथा नागरिकों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।










