उत्तराखंडटिहरी गढ़वालपुलिस बुलेटिनमुनि की रेती

ऑपरेशन प्रहार: टिहरी पुलिस का नशा तस्करों पर करारा वार, 409 ग्राम चरस के साथ दो गिरफ्तार

मुनि की रेती पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई; स्कूटी व इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद, गिरफ्तार आरोपी पहले भी एनडीपीएस मामले में जा चुका है जेल

मुनि की रेती/टिहरी, 28 अगस्त(दिलीप शर्मा): ‘ड्रग्स-फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत टिहरी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना मुनि की रेती पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने ढालवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दोनों आरोपियों को दबोचा। तलाशी में उनके कब्जे से 409 ग्राम अवैध चरस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक स्कूटी बरामद हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह कार्रवाई की गई। एसएसपी ने जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस टीमों को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

ढालवाला में चेकिंग के दौरान पकड़े गए दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त की शाम थाना मुनि की रेती क्षेत्र के ढालवाला के पास पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान स्कूटी संख्या UK-14M-8119 पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को 409 ग्राम चरस और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चरस को घनसाली क्षेत्र से लेकर आए थे और उसकी तस्करी कर रहे थे। बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामग्री को कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, न्यायालय में पेशी

बरामदगी के संबंध में थाना मुनि की रेती में मु0अ0सं0 93/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सागर पूर्व में भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना ऋषिकेश में मु0अ0सं0 15/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपी

1. सागर पुत्र गोपाल, उम्र 24 वर्ष

हाल निवासी—राजू होटल, तपोवन, थाना मुनि की रेती, टिहरी गढ़वाल।

मूल निवासी—छतरी वाला कुआं, थाना मानकमऊ, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।

2. धर्म सिंह राणा पुत्र स्व. अव्वल सिंह, उम्र 50 वर्ष

निवासी—गंगी, पोस्ट घुत्तू, थाना घनसाली, जनपद टिहरी गढ़वाल।

यह हुई बरामदगी

  • 409 ग्राम अवैध चरस
  • 01 इलेक्ट्रॉनिक तराजू
  • 01 स्कूटी संख्या UK-14M-8119

नशे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की भी होगी पड़ताल

टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना मुनि की रेती से व0उप0नि0 योगेश चंद्र पांडेय, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी ढालवाला आशीष रावत, हे0का0 संदीप कुमार और हे0का0 सुंदर शामिल रहे।

वहीं एएनटीएफ टीम में निरीक्षक एवं प्रभारी धर्मेंद्र रौतेला, अपर उपनिरीक्षक कपिल यादव, हे0का0 विपुल तथा हे0का0 रवींद्र सिंह शामिल रहे।

टिहरी पुलिस की आमजन से अपील

टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें नशे के अवैध कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी अथवा बिक्री से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

टिहरी पुलिस ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ‘ड्रग्स-फ्री देवभूमि’ के संकल्प को साकार करने के लिए नशा तस्करों तथा उनके नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button