उत्तराखंडऋषिकेश

श्रमिकों के स्वास्थ्य और शिक्षा को प्राथमिकता, करीब 400 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण

विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वितरित की स्वास्थ्य पोषक आहार, शिक्षा और महिला हेल्थ किट; श्रमिकों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं

ऋषिकेश, 27 अगस्त(दिलीप शर्मा): आशीर्वाद वाटिका, हरिद्वार रोड, ऋषिकेश में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के लिए आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सहभागिता की। इस दौरान बड़ी संख्या में पंजीकृत श्रमिकों को स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित उपयोगी सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम के दौरान करीब 400 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विधायक डॉ. अग्रवाल ने श्रमिकों को स्वास्थ्य पोषक आहार किट, बच्चों के लिए शिक्षा किट तथा महिलाओं के लिए महिला हेल्थ किट वितरित की। उन्होंने श्रमिकों और उनके परिवारों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

श्रमिक देश-प्रदेश के विकास की आधारशिला

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि श्रमिक वर्ग देश और प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। श्रमिकों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों और उनके परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकार लगातार कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।

केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का मिल रहा लाभ

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार श्रमिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इन योजनाओं को उत्तराखंड में प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। इससे श्रमिक परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूती मिलने के साथ ही उनके बच्चों के बेहतर भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त हो रहा है।

जनप्रतिनिधियों और श्रमिकों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में ऋषिकेश नगर निगम मेयर शंभू पासवान, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, राजेंद्र थलवाल, विजय पवार, राजेश दिवाकर, चंदू यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रमिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button