उत्तराखंडटिहरी गढ़वालतपोवानमुनि की रेती

रक्षाबंधन से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की छापेमारी, 08 नमूने जांच के लिए भेजे

मुनि की रेती और तपोवन में मिठाई, पनीर व दही की गुणवत्ता परखी; मानक फेल होने पर होगी कड़ी कार्रवाई

टिहरी गढ़वाल, 28 अगस्त(दिलीप शर्मा): रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए टिहरी जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मुनि की रेती और तपोवन बाजार में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों, डेयरी एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 08 नमूने संकलित कर जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे हैं

मिठाई, पनीर और दही के नमूने लिए

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि अभियान के दौरान गुलाब जामुन, रसगुल्ला, बर्फी और घेवर के चार नमूने, जबकि पनीर के दो तथा दही के दो नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ का नमूना निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो संबंधित खाद्य कारोबारी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

छोटे-बड़े सभी प्रतिष्ठानों पर नजर

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए छोटे-बड़े सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर समान रूप से निगरानी रखी जा रही है। खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता से संबंधित शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में मूल्य सूची अनिवार्य रूप से चस्पा करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही खाद्य सामग्री के रख-रखाव और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीएम ने अभियान लगातार जारी रखने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जांच रिपोर्ट के आधार पर मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध प्रभावी एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

त्योहारी खरीदारी में गुणवत्ता का रखें ध्यान

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि त्योहारी सीजन में मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और प्रतिष्ठान की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरी के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा

अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्रनगर बलवंत चौहान सहित विभागीय टीम शामिल रही।

Related Articles

Back to top button