



ऋषिकेश, 28 अगस्त(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के भट्टोंवाला ग्राम सभा में प्रस्तावित पुल निर्माण के लिए ₹3.16 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। वित्तीय स्वीकृति के लिए क्षेत्र के लोगों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने डॉ. अग्रवाल का माला पहनाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान संगीता राणा ने कहा कि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता जब भी अपनी समस्याएं अथवा विकास से जुड़ी मांगें विधायक के समक्ष रखती है, तो उन्हें गंभीरता से लेते हुए समाधान के लिए प्रयास किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भट्टोंवाला पुल के लिए मिली वित्तीय स्वीकृति इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है।
पुल निर्माण से आवागमन होगा सुगम
क्षेत्रवासियों ने कहा कि भट्टोंवाला में प्रस्तावित पुल लंबे समय से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रहा है। पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
‘समग्र विकास हमारी प्राथमिकता’: डॉ. अग्रवाल
क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भट्टोंवाला पुल के निर्माण से स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी।
उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं। विकास कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय स्वीकृति दिलाने और उन्हें धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मानवेंद्र कंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक मेहर, उप प्रधान रविंद्र रमोला, पूर्व प्रधान दीपा राणा, शुभांगी थलवाल, अर्चना व्यास, कुंदन रौथान, शेखर राणा, केशव पोखरियाल, आजाद राणा सहित क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।





