₹25 हजार का इनामी ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग का वांछित गिरफ्तार
गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की फिराक में था रवि गुप्ता, सोनौली से दून पुलिस ने दबोचा




ऋषिकेश/देहरादून, 29 अगस्त(दिलीप शर्मा): ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त रवि कुमार गुप्ता को कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सोनौली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने साथियों की मदद से नेपाल भागने की फिराक में था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस लगातार रवि गुप्ता के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके नेपाल भागने की सूचना मिली।
‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग पर पुलिस का शिकंजा
कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0-405/2026 के तहत गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा तथा उसके सहयोगियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक गिरोह द्वारा भूमि एवं पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग तथा फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियां की जाती थीं।
इस मामले में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा सहित उसके सहयोगी प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले में नामजद चौथा अभियुक्त रवि कुमार गुप्ता लगातार फरार चल रहा था।
27 अगस्त को घोषित हुआ था ₹25 हजार का इनाम
फरार अभियुक्त रवि कुमार गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने 27 अगस्त 2026 को ₹25,000 का इनाम घोषित किया था। इसके बाद ऋषिकेश पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए।
इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि रवि गुप्ता अपने दो साथियों की मदद से महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन संख्या UK14N-5344 से नेपाल भागने की तैयारी में है और सोनौली सीमा क्षेत्र से होकर नेपाल जाने का प्रयास कर सकता है।
सोनौली पहुंची ऋषिकेश पुलिस, स्थानीय पुलिस से किया समन्वय
सूचना पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए उपनिरीक्षक सुमित चौधरी के नेतृत्व में ऋषिकेश पुलिस टीम थाना सोनौली, जनपद महाराजगंज, उत्तर प्रदेश पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 28 अगस्त 2026 को करीब 13 बजे रवि कुमार गुप्ता को सोनौली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिंद्रा स्कॉर्पियो के अलावा नेपाल जाने से संबंधित विभिन्न दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पूछताछ एवं दस्तावेजों के आधार पर पुलिस का कहना है कि आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था।
नेपाल जाने से जुड़े दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया है—
- महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन संख्या UK14N-5344
- नेपाल कस्टम द्वारा जारी Temporary Import of Vehicle/Vehicle Pass
- नेपाल में वाहन ठहरने की अवधि बढ़ाने संबंधी दस्तावेज
- यातायात व्यवस्था सेवा कार्यालय द्वारा जारी वाहन अनुमति-पत्र
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रवि कुमार गुप्ता के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में वर्ष 2022 और 2026 के कई मामले शामिल हैं, जिनमें आबकारी अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता तथा एससी/एसटी अधिनियम से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, निरीक्षक एवं विवेचक राकेश गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, हेड कांस्टेबल अमित राणा, हेड कांस्टेबल संदीप राठी तथा कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे।





