



देहरादून, 29 अगस्त(दिलीप शर्मा): चकराता क्षेत्र में शनिवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाल लिया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
डायल-112 से मिली दुर्घटना की सूचना
जानकारी के अनुसार, शनिवार प्रातः डायल-112 के माध्यम से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि सहिया से पहले लालपुल के पास एक वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। वाहन में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना पर एसडीआरएफ चकराता से उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
35 मीटर नीचे खाई में मिली टाटा टियागो
घटनास्थल पर पहुंचने पर एसडीआरएफ टीम को टाटा टियागो कार संख्या DL9C 8092 सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में गिरी मिली। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि तीन को सामान्य चोटें आईं।
खाई में उतरकर सभी घायलों को निकाला बाहर
एसडीआरएफ जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम के सदस्य रस्सियों एवं अन्य रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से खाई में उतरे और वाहन तक पहुंच बनाई। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कार में फंसे सभी पांच घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
हादसे में घायल लोगों का विवरण
1. रोहन कुमार (लगभग 23 वर्ष) — निवासी नई दिल्ली।
2. अभिषेक दुबे (लगभग 26 वर्ष) — निवासी रोहिणी, दिल्ली।
3. अभिषेक (लगभग 26 वर्ष) — निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश।
4. शिवानी सिंह (लगभग 22 वर्ष) — निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश।
5. प्रिन्स राज (लगभग 22 वर्ष) — निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश।
एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की तत्परता से दुर्घटना के बाद समय रहते सभी पांचों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।





