रामलीला के छठवें दिन सीता हरण और खर-दूषण वध का मंचन
पुलिस विभाग ने नशे की प्रवृत्ति से युवाओं को बचाने के लिए प्रस्तुत किया जागरूकता कार्यक्रम, रामलीला के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर




मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): माँ गंगा रामलीला समिति (रजि.), चौदह बीघा, मुनिकीरेती की ओर से आयोजित पंचम भव्य श्रीरामलीला मंचन के छठवें दिन भगवान श्रीराम की विभिन्न लीलाओं का मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गणेश वंदना के साथ हुआ। इस दौरान सुपर्णखा-राम-लक्ष्मण संवाद, खर-दूषण वध, सीता हरण, जटायु से भेंट और माता शबरी के प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया।

कार्यक्रम में उद्योगपति रितेश चौहान, उद्योगपति जितेंद्र बर्त्वाल, नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट एवं उनकी टीम, सुरकंडा डोली उपासक अजय बिजल्वाण, स्वाभिमान मोर्चा से पुष्पा रावत और सुधीर राय रावत सहित मुनिकीरेती एवं ऋषिकेश के कोतवाली प्रभारी मौजूद रहे।
नशे के प्रति जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पुलिस विभाग की ओर से प्रस्तुत जागरूकता कार्यक्रम रहा। इसके माध्यम से भटकते युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाने और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। रामलीला के मंच से सामाजिक जागरूकता का संदेश देने की इस पहल को आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया।
रामलीला के प्रसंगों ने दिया धर्म और भक्ति का संदेश
रामलीला में प्रस्तुत विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, माता सीता के त्याग, जटायु के अदम्य साहस और माता शबरी की अटूट भक्ति को दर्शाया गया। माता शबरी का प्रसंग सच्चे प्रेम, श्रद्धा और समर्पण का संदेश देता है, जबकि जटायु का बलिदान धर्म और कर्तव्य के प्रति निष्ठा की प्रेरणा देता है।
कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
समिति पदाधिकारियों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
आयोजन को सफल बनाने में माँ गंगा रामलीला समिति के अध्यक्ष संदीप परमार, मुख्य सलाहकार देवेंद्र दत्त जोशी, धर्माचार्य पंडित दिनेश सेमल्टी, सलाहकार मनोज मलासी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष उनियाल, उपाध्यक्ष प्रदीप सकलानी, महासचिव अनिल बडोनी, सचिव डॉ. मनीष भट्ट, कोषाध्यक्ष जितेंद्र उनियाल, संगठन मंत्री संजय पांजा, विधि सलाहकार विकास उपाध्याय, आयुष असवाल, आशीष बिजल्वाण, अर्पित रावत, सोनू रावत, धर्म सिंह नेगी, केशवानंद सेमवाल और मंत्री गंगा रावत सहित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का योगदान रहा।
समिति ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला में पहुंचकर भगवान श्रीराम की दिव्य लीलाओं का आनंद लेने की अपील की।





