ऋषिकेश में 44 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ दो गिरफ्तार
जंगलात बैरियर और ट्रांजिट कैंप के पीछे डंक रोड पर पुलिस की कार्रवाई, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज




ऋषिकेश,16 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): जनपद को नशामुक्त बनाने और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 44 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, अवैध शराब, चरस, स्मैक और गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 अक्टूबर को पुलिस टीमों ने जंगलात बैरियर और ट्रांजिट कैंप के पीछे डंक रोड पर चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा।
महिला के कब्जे से 22 टेट्रा पैक शराब बरामद
पुलिस टीम ने जंगलात बैरियर, ऋषिकेश के पास से कृष्णा (50 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय राजे, निवासी गली नंबर आठ, जाटव बस्ती, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से माल्टा ब्रांड की देशी शराब के 22 टेट्रा पैक बरामद हुए। इस मामले में आरोपी महिला के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 536/2026, धारा 60(1)(क) आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

ट्रांजिट कैंप के पीछे युवक पकड़ा
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने ट्रांजिट कैंप के पीछे डंक रोड, ऋषिकेश से सुमित (19 वर्ष), पुत्र अनिल कुमार, निवासी नई जाटव बस्ती, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से माल्टा मसालेदार देशी शराब के 22 टेट्रा पैक बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 538/2026, धारा 60(1)(क) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पांच सदस्यीय पुलिस टीम ने की कार्रवाई
अवैध शराब की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल दिनेश कामली, कांस्टेबल अंकुल कुमार, महिला कांस्टेबल पूजा उनियाल, कांस्टेबल अंगेश्वर कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





