उत्तराखंडऋषिकेशसमीक्षा बैठक

विकास कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करें विभाग: महापौर

नगर निगम के नए भवन और पार्किंग निर्माण की समीक्षा, त्रिवेणी घाट व आस्था पथ के विकास पर भी चर्चा

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश के निर्माणाधीन नवीन कार्यालय भवन, पार्किंग और शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति को लेकर महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर निगम कार्यालय स्थित महापौर कक्ष में हुई बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप नगर निगम के नवीन कार्यालय भवन और पार्किंग का निर्माण 18 माह की निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाना है। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

बैठक में नवीन कार्यालय भवन की शेष दो छतों का निर्माण जल्द पूरा करने और भवन के फसाड की ड्राइंग तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया। विद्युत संबंधी कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को विद्युत लाइनों को भूमिगत करने से पहले संबंधित विभागों को अनिवार्य रूप से सूचित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और विद्युत पैनल लगाने का कार्य भी जल्द शुरू करने को कहा गया।

त्रिवेणी घाट और आस्था पथ के विकास पर चर्चा

बैठक में त्रिवेणी घाट के सौंदर्यीकरण और आस्था पथ पर प्रस्तावित विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि त्रिवेणी घाट पर चंद्रभागा नदी से गेट नंबर दो तक सौंदर्यीकरण का कार्य दीपावली के बाद शुरू किया जाएगा। आस्था पथ पर बनने वाले शेड की ऊंचाई 4.5 मीटर रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, आस्था पथ पर प्रस्तावित लिफ्ट सिस्टम शौचालय के निर्माण के लिए नगर निगम के अधिशासी अभियंता के साथ संयुक्त निरीक्षण कर स्थान चिह्नित किया जाएगा। चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण भी दीपावली के आसपास शुरू करने की जानकारी दी गई।

सीवर लाइन की खुदाई से पहले नागरिकों को देनी होगी सूचना

सीवर लाइन बिछाने के कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि आशुतोष नगर, बंगाली बस्ती और मायाकुंड क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई की जानी है। इस पर महापौर ने निर्देश दिए कि खुदाई शुरू करने से पहले स्थानीय नागरिकों को अनिवार्य रूप से अग्रिम सूचना दी जाए, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण, उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, वैपकॉस, जल संस्थान, यूएसएसडीए और यूकेपीजेएन सहित विभिन्न विभागों एवं निर्माण एजेंसियों के अधिकारी और तकनीकी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button