ऋषिकेश में विकास कार्यों की विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने की समीक्षा
भट्टोंवाला और साहब नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के कार्यों की ली जानकारी, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर




ऋषिकेश, 14 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने भट्टोंवाला, साहब नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में डॉ. अग्रवाल ने विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन शर्मा, उपखंड अधिकारी सुरेंद्र श्रीकोटी और कनिष्ठ अभियंता संजीव चौहान मौजूद रहे।




